न्यायधानी में बड़े बिजली बकायेदार बेनकाब, 52 लाख बकाया के साथ सेंट जेवियर्स स्कूल टॉप पर

बिलासपुर। न्यायधानी में बिजली विभाग ने बड़े बिजली बिल बकायेदारों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए टॉप-10 उपभोक्ताओं की सूची सार्वजनिक की है। छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूसन कंपनी लिमिटेड द्वारा जारी इस सूची में सेंट जेवियर्स स्कूल, गनियारी सबसे बड़ा बकायेदार सामने आया है, जिस पर 52 लाख 14 हजार 166 रुपये का बिजली बिल लंबित है।

बिजली विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकारी विभागों के बाद अब निजी और संस्थागत उपभोक्ताओं से बकाया वसूली पर फोकस किया जा रहा है। इसी कड़ी में एक लाख रुपये से अधिक बकाया रखने वाले उपभोक्ताओं की पहचान कर विशेष वसूली अभियान शुरू करने का फैसला लिया गया है। सूची में शामिल अन्य बकायेदारों पर भी भारी रकम बकाया है।

विभागीय अधिकारियों के अनुसार, जिन उपभोक्ताओं ने लंबे समय से बिजली बिल का भुगतान नहीं किया है, उनकी आपूर्ति प्राथमिकता के आधार पर बंद की जाएगी। वहीं जिनका कनेक्शन पहले से विच्छेदित है, उन्हें बकाया वसूली के लिए कानूनी नोटिस भेजे जाएंगे।

बिलासपुर विद्युत क्षेत्र के कार्यपालक निदेशक ए.के. अम्बस्ट ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे समय रहते अपने लंबित बिजली बिल का भुगतान कर दें। उन्होंने चेतावनी दी कि बकाया नहीं चुकाने वाले इलाकों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। विभाग इस अभियान को आगे भी विस्तारित करेगा और इसकी नियमित समीक्षा की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *