हवाई यात्रियों को जोर का झटका : एयर इंडिया के बाद अब इंडिगो का किराया भी बढ़ा

IndiGo Ticket Hike : नई दिल्ली। अगर आप आने वाले दिनों में कहीं घूमने या काम के सिलसिले में उड़ान भरने की तैयारी कर रहे हैं, तो अपनी जेब थोड़ी और ढीली करने के लिए तैयार हो जाइए। एयर इंडिया के बाद अब देश की सबसे बड़ी एयरलाइन कंपनी इंडिगो (IndiGo) ने भी अपने टिकटों के दाम बढ़ाने का फैसला किया है। कंपनी ने शनिवार, 14 मार्च से अपनी सभी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर ‘फ्यूल सरचार्ज’ लगाने का ऐलान कर दिया है।

क्यों महंगी हुई टिकटें?
इंडिगो के मुताबिक, मिडिल ईस्ट (खाड़ी देशों) में जारी तनाव और युद्ध जैसी स्थिति के कारण विमान ईंधन यानी एटीएफ (ATF) की कीमतों में अचानक 85% तक का भारी उछाल आया है। एयरलाइन का कहना है कि ऑपरेटिंग कॉस्ट का एक बड़ा हिस्सा ईंधन पर खर्च होता है, इसलिए लागत को संतुलित करने के लिए यह बोझ यात्रियों पर डालना मजबूरी बन गया है।

कितना बढ़ेगा आपका खर्च?
इंडिगो की नई दरें 14 मार्च की आधी रात से लागू हो गई हैं। अब यात्रियों को दूरी के हिसाब से एक्स्ट्रा चार्ज देना होगा:

घरेलू और इंटरनेशनल उड़ानें: ₹425 से लेकर ₹2,300 तक का अतिरिक्त फ्यूल सरचार्ज।

एयर इंडिया का हाल: एयर इंडिया पहले ही 12 मार्च से घरेलू टिकटों पर ₹399 का सरचार्ज लगा चुकी है, जबकि इंटरनेशनल फ्लाइट्स के किराए में करीब 15% की बढ़ोतरी की गई है।

विदेशी यात्रा भी हुई महंगी
सिर्फ देश के भीतर ही नहीं, बल्कि विदेश जाना भी अब महंगा सौदा साबित होगा। खाड़ी देशों, अफ्रीका और दक्षिण-पूर्व एशिया जाने वाली फ्लाइट्स पर भी भारी सरचार्ज लगाया गया है। अफ्रीका की उड़ानों के लिए तो यह शुल्क 30 डॉलर से बढ़ाकर सीधे 90 डॉलर तक कर दिया गया है।

कुल मिलाकर, युद्ध की आग ने अब आम आदमी के हवाई सफर के सपनों को झुलसाना शुरू कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *