नक्सलवाद पर सुरक्षा बलों का बड़ा प्रहार, छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर ध्वस्त किए गए 44 नक्सली स्मारक

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र की सीमा पर स्थित गढ़चिरौली में सुरक्षा बलों ने नक्सलवाद के खिलाफ एक बड़ी और निर्णायक कार्रवाई को अंजाम दिया है। एक संयुक्त अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने नक्सलियों द्वारा बनाए गए 44 स्मारकों को ध्वस्त कर दिया है। यह कार्रवाई सी-60 कमांडो, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और जिला पुलिस के आपसी समन्वय से पूरी की गई।

नक्सलियों द्वारा वर्षों से बनाए गए ये स्मारक संबंधित क्षेत्रों में उनके प्रभाव और विचारधारा के प्रचार का प्रतीक माने जाते थे। सुरक्षा बलों की इस कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य नक्सलवाद के महिमामंडन को रोकना और स्थानीय युवाओं को उनकी विचारधारा से गुमराह होने से बचाना है।

अधिकारियों से मिली जानकारी के अनुसार, इस अभियान को पूरी तरह योजनाबद्ध तरीके से और क्षेत्रीय सुरक्षा की समीक्षा करने के बाद अंजाम दिया गया है। सुरक्षा बलों द्वारा उठाए गए इस सख्त कदम से सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था के प्रति विश्वास बढ़ा है और प्रशासनिक पकड़ पहले से अधिक मजबूत हुई है।

ज्ञात हो कि महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के सीमावर्ती इलाकों में शांति और विकास सुनिश्चित करने के लिए नक्सल विरोधी अभियानों में लगातार तेजी लाई जा रही है। इन स्मारकों को हटाए जाने के बाद सुरक्षा बल क्षेत्र में सर्चिंग ऑपरेशन भी चला रहे हैं ताकि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पर लगाम लगाई जा सके।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *