दुर्ग में नशे के सामान पर पुलिस का बड़ा प्रहार: 35 टीमों की एक साथ छापेमारी, 17 दुकानदार गिरफ्तार

दुर्ग। युवाओं को नशे के जाल से बचाने के लिए दुर्ग पुलिस ने आज एक बड़ी और समन्वित कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित 35 से अधिक टीमों ने शहर के विभिन्न हिस्सों में एक साथ रेड मारकर ‘गोगो पेपर’ (रोलिंग पेपर), हुक्का सामग्री और प्रतिबंधित जर्दायुक्त पान मसाला के अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है। इस कार्रवाई में करीब 02 लाख रुपये मूल्य की नशीली सामग्री जप्त की गई है।

35 टीमों की एक साथ रेड, शहर में हड़कंप दुर्ग पुलिस द्वारा युवाओं में बढ़ते गांजा और हुक्का के चलन को रोकने के लिए यह विशेष अभियान चलाया गया। पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर के कई पान ठेलों, गुमटियों और डेली नीड्स दुकानों पर गांजा पीने के लिए इस्तेमाल होने वाले ‘गोगो पेपर’, चिलम और हुक्का फ्लेवर धड़ल्ले से बेचे जा रहे हैं। एसपी के आदेश पर सभी सीएसपी और एसडीओपी के नेतृत्व में एसीसीयू (ACCU) और विभिन्न थानों की टीमों ने एक साथ दबिश दी।

इन इलाकों में हुई कार्रवाई:

  • मोहन नगर: 08 दुकानें/ठेले
  • स्मृतिनगर: 05 दुकानें/ठेले
  • नेवई: 02 दुकानें/ठेले
  • दुर्ग क्षेत्र: 01 दुकान/ठेला

पकड़े गए आरोपियों का विवरण: पुलिस ने इस मामले में कुल 17 लोगों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की है, जिनमें प्रमुख नाम इस प्रकार हैं:

  1. अभिनंदन सिंह (प्रगति नगर)
  2. सौरभ गहलोत (आदर्श नगर, माँ शक्ति डेली नीड्स)
  3. चित्रांश साहू उर्फ सोनू (अमृत तुल्य चाय, रिसाली)
  4. विजेश बारवे (वेलकम पान पैलेस)
  5. देवेन्द्र भोसले (सुनील पान)
  6. शंकर लाल बंछोर (बंछोर चाय पान जनरल)
  7. संजय कुमार बडानी (संजय पान मसाला)
  8. लोकेश कुमार साहू (श्री गणेश किराना)
  9. कुशाल प्रजापति (बनारसी पान भंडार)
  10. अर्जुन यादव (यादव होटल)
  11. राजकुमार महोबिया (अजय पान पैलेस)
  12. राजेश कुमार द्विवेदी (फायर पान पैलेस, स्मृतिनगर)
  13. मनोज कुमार चौहान (पार्वती किराना स्टोर्स)
  14. त्रिवेणी साहू (जुनवानी बस्ती)
  15. लक्की चंदानी (शीतल डेली नीड्स)
  16. भगवान साहू (गणेश पान दुकान)
  17. विमल जसवानी (कला प्रोविजन स्टोर्स, इंदिरा मार्केट)

जप्त सामग्री और कानूनी एक्शन पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में रोलिंग पेपर (गोगो), हुक्का फ्लेवर, चिलम और प्रतिबंधित जर्दायुक्त पान मसाला जप्त किया है, जिसकी कुल कीमत लगभग 2 लाख रुपये आंकी गई है। शैक्षणिक संस्थानों के पास नशा बेचने वालों के खिलाफ COTPA Act और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता के तहत इस्तगासा पेश कर प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की गई है। पुलिस अब इस अवैध सामग्री के ‘बैकवर्ड लिंकेज’ (सप्लाई चेन) की जांच कर रही है ताकि मुख्य सप्लायरों तक पहुँचा जा सके।

दुर्ग पुलिस की अपील पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों और युवाओं से अपील की है कि वे नशे की लत से दूर रहें। यदि कहीं भी नशे से संबंधित अवैध गतिविधि दिखाई दे, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। कानून का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *