MP के किसानों की बल्ले-बल्ले: सीएम डॉ. मोहन यादव का बड़ा ऐलान, गेहूं और उड़द पर मिलेगा तगड़ा बोनस, पंजीयन की तारीख भी बढ़ी

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश के अन्नदाताओं के लिए खुशियों का पिटारा खोल दिया है। शुक्रवार को भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधियों के साथ हुई एक उच्च स्तरीय बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने गेहूं और उड़द की खरीदी पर भारी बोनस देने की घोषणा की है। सरकार के इस कदम से रबी सीजन की फसल काट रहे लाखों किसानों को सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा।

गेहूं पर ₹40 और उड़द पर ₹600 का बोनस मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ (पूर्व में ट्विटर) के जरिए इन फैसलों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार इस वर्ष गेहूं की सरकारी खरीदी पर 40 रुपये प्रति क्विंटल का अतिरिक्त बोनस देगी। इसके साथ ही, दलहन उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए उड़द की फसल पर 600 रुपये प्रति क्विंटल बोनस देने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया है। सीएम ने किसानों से अपील की है कि वे उड़द की बुवाई करें ताकि उन्हें इस बोनस का लाभ मिल सके और अगली फसल की तैयारी भी बेहतर हो।

पंजीयन की तिथि अब 10 मार्च तक किसानों की सहूलियत को देखते हुए सरकार ने गेहूं खरीदी के लिए पंजीयन (Registration) की अंतिम तिथि को भी आगे बढ़ा दिया है। पहले यह तारीख 7 मार्च तय की गई थी, जिसे अब बढ़ाकर 10 मार्च कर दिया गया है। इससे वे किसान भी अपना पंजीयन करा सकेंगे जो किसी कारणवश अब तक छूट गए थे।

दिन में मिलेगी बिजली, रात के संकट से मुक्ति बोनस के अलावा मुख्यमंत्री ने एक और बड़ी राहत की घोषणा की है। अब किसानों को सिंचाई के लिए दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि रात के समय सिंचाई करने में किसानों को जंगली जानवरों और अन्य कड़ाके की ठंड जैसे संकटों का सामना करना पड़ता है, जिससे बचाने के लिए सरकार ने दिन में बिजली देने का फैसला किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *