जबलपुर। मध्यप्रदेश के जबलपुर में पर्यावरण नियमों का उल्लंघन करने पर प्रशासन ने दो निजी अस्पतालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। कटंगी बायपास स्थित मंगलम हॉस्पिटल और हेल्थ सिटी मल्टी स्पेशयल्टी हॉस्पिटल द्वारा खुले में बायोमेडिकल वेस्ट जलाने पर नगर निगम ने दोनों संस्थानों पर एक-एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया है।
जिला प्रशासन, नगर निगम और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम ने अस्पतालों का औचक निरीक्षण किया था। जांच के दौरान पाया गया कि अस्पतालों के ईटीपी (अपशिष्ट उपचार संयंत्र) संचालित नहीं थे। इसके साथ ही अस्पताल का स्टाफ प्रतिबंधित बायोमेडिकल वेस्ट को खुले में जलाते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। इसे पर्यावरण और सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा मानते हुए प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की।
नगर निगम ने दोनों अस्पताल प्रबंधनों को कारण बताओ नोटिस जारी कर 24 घंटे के भीतर जवाब पेश करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि अस्पताल प्रबंधन की ओर से निर्धारित समय में संतोषजनक जवाब प्राप्त नहीं होता है, तो अस्पतालों को सील करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले के अन्य निजी अस्पतालों में हड़कंप का माहौल है।