
धमतरी। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अर्जुनी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने धमतरी–नगरी मुख्य मार्ग पर नाकाबंदी कर 12.538 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ दो तस्करों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में गांजा, मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन समेत कुल 4 लाख 43 हजार 880 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी के निर्देश पर जिले में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार सख्ती की जा रही है। इसी क्रम में अर्जुनी पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम भोयना पंचायत के पास धमतरी–नगरी रोड पर मोटरसाइकिल से गांजा का परिवहन किया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर नाकाबंदी की।
कुछ देर बाद मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक पुलिस को देखकर घबरा गए। पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों को रोककर तलाशी ली, जिसमें उनके पास से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तिलेश सिंह ठाकुर (27 वर्ष), निवासी पंडरिया, जिला कोरबा और तरूणा सिंह राजपूत (26 वर्ष), निवासी एसईसीएल कॉलोनी, कोरबा के रूप में हुई है। दोनों आरोपी मोटरसाइकिल से गांजा की तस्करी कर रहे थे।
पुलिस ने 12.538 किलो गांजा (कीमत लगभग 1.25 लाख रुपये), एक बजाज मोटरसाइकिल (करीब 2.85 लाख रुपये) और चार मोबाइल फोन (लगभग 33,500 रुपये) जब्त किए हैं। इस तरह कुल जब्त सामग्री की कीमत 4.43 लाख रुपये आंकी गई है।
थाना अर्जुनी में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 (बी) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा जा रहा है। पुलिस का कहना है कि तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है और नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।