जांजगीर, 16 अक्टूबर 2025। शिवरीनारायण नगर पंचायत ने गुरुवार सुबह अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए इस्लामिक मुस्लिमीन शिक्षा समिति (मदरसा) और गोमाता औषधालय के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला दिया। नगर पंचायत की इस सख्त कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत ने कब्जाधारियों को 15 अक्टूबर तक जगह खाली करने का नोटिस जारी किया था। बावजूद इसके कब्जा नहीं छोड़ा गया, जिसके बाद सुबह प्रशासनिक अमले ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में कार्रवाई की। इस दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष, एसडीएम, तहसीलदार और एएसपी स्वयं मौके पर मौजूद रहे।
अधिकारीयों ने बताया कि संबंधित संस्थाओं द्वारा सरकारी भूमि पर अवैध रूप से निर्माण किया गया था। बार-बार चेतावनी और नोटिस के बावजूद कब्जा जारी रहने पर यह कदम उठाया गया। कार्रवाई के दौरान मदरसे और औषधालय की दीवारें और ढांचा तोड़ दिया गया।

नगर पंचायत ने साफ किया है कि कार्रवाई की लागत कब्जाधारियों से वसूली जाएगी, और आगे भी अवैध कब्जों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। प्रशासन की इस कार्रवाई से अन्य अतिक्रमणकारियों में भी दहशत फैल गई है।