चंडीगढ़। हरियाणा सरकार के 18 विभागों से जुड़े कथित 590 करोड़ रुपये के गबन मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई से चंडीगढ़ के सैकड़ों कारोबारी संकट में आ गए हैं। इस मामले की जांच के दौरान 1800 से अधिक बैंक खाते फ्रीज किए गए हैं, जिससे शहर के बिजनेसमैन, रियल एस्टेट कारोबारी, किराना दुकानदार और रेस्तरां संचालक बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।
पिछले तीन दिनों से खातों से लेनदेन बंद होने के कारण व्यापारियों का कामकाज ठप हो गया है। परेशान खाताधारक लगातार सेक्टर-17 स्थित साइबर सेल थाने पहुंच रहे हैं और खाते फिर से चालू करने की गुहार लगा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई पंचकूला साइबर सेल से जुड़े एक मामले के तहत की गई है, इसलिए आगे की प्रक्रिया वहीं से पूरी होगी।
खाते फ्रीज होने से कई परिवारों के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। एक पीड़ित ने बताया कि घर में बेटी की शादी है, लेकिन बैंक खाता बंद होने के कारण वे भुगतान नहीं कर पा रहे हैं। साइबर सेल के सूत्रों के मुताबिक, सेक्टर-32 स्थित आईडीएफसी फर्स्ट बैंक की शाखा द्वारा अपने ही कुछ कर्मचारियों के खिलाफ दी गई शिकायत को भी जांच के लिए पंचकूला भेज दिया गया है।
यह पूरी कार्रवाई हरियाणा के डीजीपी डॉ. सागर प्रीत हुड्डा के निर्देशों पर की गई है। फिलहाल प्रभावित लोगों को पंचकूला साइबर सेल से संपर्क करने की सलाह दी जा रही है। जांच एजेंसियों का कहना है कि मामले की विस्तृत पड़ताल जारी है और रिपोर्ट के आधार पर ही आगे का फैसला लिया जाएगा।