ड्रंक एंड ड्राइव पर सरगुजा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शराब पीकर बुलेट और अपाचे दौड़ाने वालों पर लगा 20,000 रुपये का जुर्माना

अम्बिकापुर

अम्बिकापुर (हिंगोरा सिंह): सड़क दुर्घटनाओं को कम करने की दिशा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार सख्ती बरती जा रही है। इसी क्रम में थाना मणिपुर पुलिस टीम ने चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चला रहे दो चालकों पर बड़ी कार्रवाई की है।

ब्रेथ एनालाइजर टेस्ट में खुले राज
चेकिंग के दौरान पुलिस ने बुलेट (CG 15 CZ 1954) के चालक आकाश सोनी (25 वर्ष, निवासी महामाया चौक) और अपाचे (CG 14 MT 0699) के चालक बन्नू दास (32 वर्ष, निवासी बरढोढ़ी) को रोककर ब्रेथ एनालाइजर से चेक किया। जांच में दोनों चालक शराब के नशे में धुत्त पाए गए। पुलिस ने तत्काल दोनों के विरुद्ध धारा 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया।

माननीय न्यायालय ने सुनाया अर्थदंड
न्यायालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों वाहन चालकों पर भारी जुर्माना लगाया है। दोनों प्रकरणों में न्यायालय द्वारा 10,000-10,000 रुपये का अलग-अलग अर्थदंड (कुल 20,000 रुपये) लगाया गया।

कार्यवाही में शामिल टीम
इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी मणिपुर उप निरीक्षक सी. पी. तिवारी, सहायक उप निरीक्षक अनिल पाण्डेय, आरक्षक सत्येंद्र दुबे, रामशंकर यादव और अनिल सिंह सक्रिय रहे। सरगुजा पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *