रायपुर। खरोरा पुलिस और साइबर क्रइम यूनिट ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अवैध शराब की तस्करी और बिक्री करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 181 लीटर से अधिक शराब, बिक्री की नगद राशि और तस्करी में प्रयुक्त एक स्कूटी जप्त की है। जप्त मशरूका की कुल कीमत 1,30,460 रुपये बताई जा रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सारागांव निवासी हालेश्वर साहू और चंद्रशेखर साहू अपने चाचा मोहन साहू के बाड़े में भारी मात्रा में शराब छिपाकर रखे हैं और ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। इस सूचना पर खरोरा पुलिस और साइबर यूनिट की टीम ने घेराबंदी कर मौके पर दबिश दी। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से विभिन्न बोरियों में भरकर रखे गए कुल 913 पौवा देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की गई।
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि खरोरा निवासी अजय धीवर अपनी स्कूटी क्रमांक सीजी 04 एचक्यू 2794 के जरिए उन्हें बिक्री के लिए शराब लाकर देता था। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए अजय धीवर को भी हिरासत में लिया, जिसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया है।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण:
- हालेश्वर कुमार साहू, उम्र 28 साल, निवासी सारागांव, रायपुर।
- चंद्रशेखर साहू, उम्र 21 साल, निवासी सारागांव, रायपुर।
- अजय धीवर, उम्र 21 साल, निवासी खरोरा, रायपुर।