जशपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 54 लाख रुपये का गांजा जब्त, लग्जरी कार से तस्करी कर रहे दो आरोपी गिरफ्तार

जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन आघात’ के तहत पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पत्थलगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने घेराबंदी कर दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 112 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब 54 लाख रुपये आंकी गई है।

ओडिशा से दिल्ली ले जा रहे थे खेप

पुलिस को मुखबिर के जरिए सटीक सूचना मिली थी कि एक लग्जरी कार में गांजे की बड़ी खेप ओडिशा से दिल्ली की ओर तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पत्थलगांव पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए नाकाबंदी कर दी। जैसे ही संदिग्ध वाहन मौके पर पहुंचा, पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की। इस दौरान एक तस्कर ने वाहन से उतरकर झाड़ियों की आड़ में भागने का प्रयास किया, जिसे पुलिस कर्मियों ने पीछा कर पकड़ लिया।

वाहन और मादक पदार्थ जब्त

पुलिस ने आरोपियों के पास से 112 किलो गांजा और तस्करी में उपयोग की जा रही लग्जरी कार को जब्त कर लिया है। गिरफ्तार किए गए दोनों तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य संपर्कों और तस्करी के नेटवर्क की जांच कर रही है ताकि इस अवैध कारोबार की जड़ों तक पहुंचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *