करोड़ों के अवैध कारोबार का खुलासा, प्रतिदिन लाखों के लेन-देन का संचालन, नगद व इलेक्ट्रॉनिक सामग्री जप्त
Ramesh Gupta दुर्ग । दुर्ग पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए संगठित ऑनलाइन सट्टा गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना जामुल क्षेत्र में संचालित इस अवैध नेटवर्क से जुड़े 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह द्वारा आधुनिक तकनीक और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए करोड़ों रुपये के सट्टे का कारोबार संचालित किया जा रहा था।
पत्रकार वार्ता में एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नालंदा स्कूल के पीछे सुंदर विहार कॉलोनी फेस-2 स्थित एक किराए के मकान में ऑनलाइन सट्टा संचालित किया जा रहा है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और आरोपियों को रंगे हाथों सट्टा संचालन करते हुए गिरफ्तार किया।

जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी ड्रैगन टाइगर, अंदर-बाहर, तीन पत्ती, टेनिस, फुटबॉल और रूलेट जैसे खेलों पर ऑनलाइन सट्टा खिलाते थे। इसके लिए इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप के माध्यम से ग्राहकों को जोड़ा जाता था और उन्हें सट्टा खेलने के लिए आईडी उपलब्ध कराई जाती थी। मोबाइल और लैपटॉप के जरिए पूरे नेटवर्क का संचालन किया जाता था।
गिरोह अवैध लेन-देन को छिपाने के लिए अलग-अलग सिम कार्ड और म्यूल बैंक खातों का इस्तेमाल करता था। साथ ही, गिरोह के कार्यों का स्पष्ट बंटवारा था और तकनीकी संचालन में बाहरी व्यक्तियों की भी भूमिका सामने आई है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरोह द्वारा प्रतिदिन लगभग 3 लाख से 7 लाख रुपये तक का लेन-देन किया जा रहा था, जिससे करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार संचालित हो रहा था।
पंजीबद्ध अपराध:
प्रकरण में अपराध क्रमांक 185/2026 के तहत धारा 318(4) बीएनएस एवं छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धाराएं 6, 7, 8 के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
पोषण निषाद (26), निवासी अंजोरा
योगेश कुमार विश्वकर्मा (22), निवासी जलेबी चौक, थाना छावनी
गौरव तिवारी (26), निवासी कबीर नगर, रायपुर
संजय कुमार जायसवाल (26), निवासी कैम्प-1, जलेबी चौक
चुनेश निषाद (20), निवासी श्याम नगर, थाना छावनी
विक्रम सिंह उर्फ विक्की (30), निवासी न्यू बसंत टॉकीज के पास, थाना छावनी
उदल हमणे (19), निवासी न्यू बसंत टॉकीज के पास, थाना छावनी
जप्त सामग्री:
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1,00,000 नगद, 16 मोबाइल फोन, 1 लैपटॉप, 7 बैंक पासबुक, 15 एटीएम कार्ड, वाई-फाई उपकरण, लेन-देन से संबंधित रजिस्टर और एक पासपोर्ट जप्त किया है।