दरिमा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: मोबाइल और नगदी लूटने वाले 02 आरोपी गिरफ्तार

Darima Police Arrest Looters Ambikapur

Darima Police Arrest Looters Ambikapur : हिंगोरा सिंह, अम्बिकापुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा के दिशा-निर्देशन में थाना दरिमा पुलिस ने लूट और झपटमारी के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी और नगद राशि बरामद की गई है। पकड़े गए आरोपियों में से एक नागेश्वर पैकरा आदतन अपराधी है, जिसके खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

क्या था पूरा मामला?
घटना 30 दिसंबर 2025 की है। प्रार्थी बुचन राम नागेसिया (निवासी मोहनपुर पटेलपारा) अपने ससुराल पहाड़पारा से 10 हजार रुपये नगद और वीवो कंपनी का मोबाइल एक थैले में रखकर पैदल अपने घर लौट रहे थे। शाम करीब 4:00 बजे जब वे महेशपुर जंगल के पास पहुंचे, तभी मोहनपुर की ओर से स्कूटी पर सवार होकर तीन युवक आए और प्रार्थी के हाथ से थैला झपटकर फरार हो गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर थाना दरिमा में अपराध क्रमांक 03/26 धारा 304(2), 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज किया गया था।

पुलिस की घेराबंदी और गिरफ्तारी
विवेचना के दौरान थाना प्रभारी दरिमा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और तकनीकी जानकारी जुटाते हुए संदिग्धों की तलाश शुरू की। मुखबिर और तकनीकी इनपुट के आधार पर पुलिस ने नागेश्वर पैकरा और खुशबू यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम:

नागेश्वर पैकरा उर्फ डोडू (24 वर्ष), निवासी बंदना (मांझापारा), सीतापुर।

खुशबू यादव (27 वर्ष), निवासी काराबेल, थाना सीतापुर।

आदतन अपराधी है मुख्य आरोपी
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर झपटमारी की थी और लूट की रकम आपस में बांट ली थी। पुलिस ने उनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी और 500 रुपये नगद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी नागेश्वर पैकरा एक शातिर अपराधी है जिसके विरुद्ध पहले भी कई गंभीर मामले दर्ज हैं। मामले का एक अन्य आरोपी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही है।

टीम की सक्रियता
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक राजेश खलखो, साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक सुजीत पाल, शत्रुधन सिंह, भोजराज पासवान, आरक्षक शेरशाह मिंज, अशोक कुमार और जितेश साहू की सक्रिय भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *