जगदलपुर। बस्तर जिला प्रशासन ने एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए अभियान चलाते हुए बड़ी संख्या में सिलेंडर जप्त किए हैं। कलेक्टर आकाश छिकारा के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने मंगलवार को शहर के दीनदयाल उपाध्याय वार्ड में दबिश देकर इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
खाद्य नियंत्रक घनश्याम राठौर ने बताया कि विभाग को राउतपारा स्थित बालाजी केयर हॉस्पिटल के पास गैस के अवैध भंडारण की पुख्ता सूचना मिली थी। इसके आधार पर टीम ने प्रशांत महाजन नामक व्यक्ति के घर पर आकस्मिक निरीक्षण किया। जांच के दौरान घर के भीतर भारी मात्रा में गैस सिलेंडर पाए गए, जिनका कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किया जा सका। अधिकारियों ने मौके से 24 घरेलू गैस सिलेंडर और 10 कमर्शियल सिलेंडर बरामद किए। साथ ही सिलेंडरों से गैस चोरी और रिफिलिंग के लिए उपयोग किए जाने वाले 3 रिफिलिंग पाइप भी जप्त किए गए।
प्रशासन के अनुसार वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय तनाव के कारण गैस की सीमित आपूर्ति का लाभ उठाकर कुछ लोग कालाबाजारी की फिराक में हैं। इसी को रोकने के लिए प्रशासन अब कड़ा रुख अपना रहा है। इस कार्रवाई में खाद्य निरीक्षक शेख अब्दुल कादिर, उमेश चौधरी, हेमंत ब्रह्मभट्ट और पायल वर्मा शामिल रहे। विभाग ने जप्त सामग्री को कब्जे में लेकर संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध नियमानुसार कार्यवाही शुरू कर दी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में भी इस तरह की जांच जारी रहेगी।