महासमुंद में गांजा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, महिला समेत 8 तस्कर गिरफ्तार

महासमुंद। छत्तीसगढ़ की महासमुंद पुलिस ने अंतर्राज्यीय गांजा तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और सिंघोड़ा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने ओडिशा से महाराष्ट्र गांजा ले जा रहे आठ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक महिला भी शामिल है। पुलिस ने इनके पास से 137 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 68.50 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि दो संदिग्ध कारें ओडिशा की ओर से गांजा लेकर आ रही हैं। इस सूचना पर नेशनल हाईवे-53 पर स्थित रेहटीखोल में नाकेबंदी की गई। इस दौरान एक ईको और एक टोयोटा कार को रोककर तलाशी ली गई। टोयोटा कार की डिक्की में प्लास्टिक की बोरियों के भीतर गांजा छिपाकर रखा गया था। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ओडिशा के अंगुल जिले से गांजा लेकर महाराष्ट्र के अकोला जा रहे थे।

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान शिवा साहू, बुधु भूतिया, नरोत्तम बेहरा, सुशील साहू (सभी निवासी अंगुल, ओडिशा), सुल्तान खान (मुंबई), दिलशाद खान (बिहार) और अकोला निवासी शेख जब्बार व महिला निलो फार शफी के रूप में हुई है। पुलिस ने गांजे के साथ ही तस्करी में प्रयुक्त दोनों कारों, 7 मोबाइल फोन और 11,400 रुपये नकद जब्त किए हैं।

पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। कोर्ट में पेशी के बाद सभी तस्करों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से अंतर्राज्यीय गांजा सप्लाई चेन को तोड़ने में मदद मिलेगी और पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य बड़े नामों की तलाश कर रही है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *