महासमुंद में जुआरियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 9 आरोपी गिरफ्तार, नकद और मोटरसाइकिल समेत सवा लाख से अधिक का माल जब्त

महासमुंद: भंवरपुर पुलिस ने जुआ के खिलाफ अभियान चलाते हुए 9 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नगदी, मोबाइल और वाहनों सहित कुल 1,36,300 रुपये की संपत्ति जब्त की गई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।

पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बनडबरी से संतपाली जाने वाले कच्चे रास्ते पर नीम के पेड़ के नीचे कुछ लोग ताश के पत्तों पर दांव लगा रहे हैं। मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान 9 लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा गया। पकड़े गए सभी आरोपी सरायपाली थाना क्षेत्र के अलग-अलग गांवों के रहने वाले हैं।

पुलिस ने मौके से 12,300 रुपये नकद, 30,000 रुपये मूल्य के 8 मोबाइल फोन और करीब 94,000 रुपये कीमत की 6 पुरानी मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के साथ-साथ असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है।

गिरफ्तार आरोपियों के नाम जीतराम चौहान, केशव साहू, होरीलाल राणा, विनय नायक, सीताराम राणा, बसंत कुमार निषाद, तुलसीराम राणा, उपेन्द्र नायक और रूकमन पटेल बताए गए हैं। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *