देवार बस्ती में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई: 2.5 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस का सघन अभियान जारी, NDPS एक्ट के तहत सख्त कार्रवाई

रमेश गुप्ता भिलाई ।
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। थाना खुर्शीपार क्षेत्र के देवार पारा में सघन चेकिंग के दौरान पुलिस ने 2 किलो 50 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पकड़े गए गंजे की कीमत लगभग 1,00,400 रुपए बताए जाते हैंl
पत्रकार वार्ता में एडिशनल एसपी सुखनंदन राठौर एवं छावनी सीएसपी प्रशांत सिंह पैकरा ने बताया कि पुलिस को देवार पारा चौक के पास अवैध रूप से गांजा बिक्री की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़कर तलाशी ली।


तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक थैले में रखा 2.5 किलो गांजा तथा बिक्री से प्राप्त ₹400 नगद बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम अमजद देवार (52 वर्ष), निवासी मछली मार्केट देवार पारा, खुर्शीपार, भिलाई बताया और गांजा बेचने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 132/2026 के तहत धारा 20(बी) NDPS एक्ट में मामला दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
सुनियोजित तरीके से हो रहा था अवैध कारोबार
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी अवैध लाभ कमाने के उद्देश्य से गांजा बेच रहा था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना खुर्शीपार प्रभारी आनंद शुक्ला सहित पूरी पुलिस टीम की सक्रियता और तत्परता सराहनीय रही, जिन्होंने सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ने में सफलता हासिल की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *