भिलाई में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई: टाटा सफारी से नशीली दवाएं बेच रहे दो आरोपी गिरफ्तार

रमेश गुप्ता : भिलाई। थाना खुर्सीपार पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से नशीले सिरप एवं कैप्सूल की बिक्री कर रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह पूरी कार्रवाई पंडित दीनदयाल मिनी स्टेडियम के शौचालय के पास, खुर्सीपार क्षेत्र में की गई।

थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद शुक्ला के अनुसार, 14 फरवरी 2026 को क्षेत्र भ्रमण व अपराध पतासाजी के दौरान सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति प्रतिबंधित नशीली दवाओं की अवैध बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दोनों संदेहियों को धर दबोचा।

पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम इफ्तेखार खान (39 वर्ष), निवासी गांधी नगर, भिलाई-03 एवं मोहम्मद अब्बास रजा (30 वर्ष), निवासी सेक्टर-02, भिलाई भट्ठी बताया। विधिवत तलाशी लेने पर उनके कब्जे से भारी मात्रा में नशीले सिरप, कैप्सूल तथा बिक्री की नगदी बरामद की गई।

बरामद की गई सामग्री:

नशीली दवाएं: 17 नग प्लास्टिक शीशी नशीले सिरप (कीमत ₹3,145/-) और 13 स्ट्रीप नशीले कैप्सूल (कुल 104 नग, कीमत ₹884/-)।

वाहन: एक चारपहिया वाहन टाटा सफारी, क्रमांक CG07CH9614 (अनुमानित कीमत ₹5,00,000/-)।

नगदी व मोबाइल: बिक्री के ₹9,500/- नगद और दो मोबाइल फोन (वीवो एवं सैमसंग)।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 55/2026, धारा 21(सी), 22, 27(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में सउनि सुरेंद्र राजपूत, प्रधान आरक्षक आनंद तिवारी, आरक्षक चुमूक सिन्हा एवं आरक्षक चन्द्रभान चौहान की सराहनीय भूमिका रही। दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशीले पदार्थों के अवैध व्यापार की सूचना तत्काल पुलिस को दें ताकि दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *