जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में देर रात एक सड़क हादसे में बारात में डांस कर रहे लोग अनियंत्रित कैप्सूल वाहन की चपेट में आ गए। इस घटना में सारंगढ़ कांग्रेस जिला अध्यक्ष तारा देवांगन बाल-बाल बची हैं, जबकि चार अन्य महिलाओं को चोटें आई हैं। घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तारा देवांगन के चचेरे भाई की शादी का कार्यक्रम था। सारंगढ़ से बारात जांजगीर जिले के बिर्रा-घिवरा रोड स्थित भाटापारा पहुंची थी। रात करीब 12 बजे जब बाराती डांस करते हुए आगे बढ़ रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के वक्त कांग्रेस जिला अध्यक्ष भी वहीं मौजूद थीं, लेकिन वे सुरक्षित हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने वाहन को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया है। पुलिस द्वारा कराए गए मेडिकल परीक्षण में चालक के शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।