रमेश गुप्ता भिलाई…छत्तीसगढ़ के औद्योगिक परिदृश्य में भिलाई इस्पात संयंत्र केवल उत्पादन क्षमता के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी सुदृढ़ सुरक्षा व्यवस्थाओं के लिए भी विशिष्ट पहचान रखता है। इस सुरक्षा ढांचे का सबसे सशक्त स्तंभ है— संयंत्र की फायर ब्रिगेड। यह केवल अग्नि दुर्घटना से निपटने वाली इकाई नहीं, बल्कि हर आपात स्थिति में मानवता की रक्षा के लिए तत्पर एक संगठित, प्रशिक्षित और समर्पित बल है।

आम जनमानस में फायर ब्रिगेड की छवि अक्सर एक दमकल वाहन और उसमें सवार कर्मियों तक सीमित रह जाती है, किन्तु वास्तविकता इससे कहीं अधिक व्यापक और चुनौतीपूर्ण है। भिलाई इस्पात संयंत्र के फायरफाइटर्स आग से जूझने के साथ-साथ रेस्क्यू ऑपरेशन, रासायनिक जोखिम, गैस रिसाव, विस्फोटक परिस्थितियों और अन्य अप्रत्याशित आपदाओं से निपटने के लिए विशेष रूप से प्रशिक्षित हैं। जटिल औद्योगिक वातावरण में कार्य करते हुए वे हर स्थिति में संतुलन, साहस और त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय देते हैं।
संयंत्र की अग्निशमन सेवा चार प्रमुख स्तंभों— ट्रेनिंग, प्रिवेंशन, मेंटेनेंस और ऑपरेशन पर आधारित है, जिनका समन्वित संचालन इसे अत्यंत प्रभावी बनाता है। ट्रेनिंग विंग के अंतर्गत फायरफाइटर्स को लगभग एक वर्ष के गहन प्रशिक्षण के माध्यम से तकनीकी दक्षता, प्राथमिक उपचार, आपदा प्रबंधन के साथ-साथ मानसिक और शारीरिक दृढ़ता के लिए तैयार किया जाता है। यह प्रशिक्षण केवल संयंत्र तक सीमित न रहकर स्कूलों, अस्पतालों और अन्य संस्थानों तक भी विस्तारित है, जिससे समाज में भी सुरक्षा के प्रति जागरूकता विकसित हो रही है।

प्रिवेंशन विंग “रोकथाम ही सर्वोत्तम सुरक्षा” के सिद्धांत पर कार्य करते हुए संवेदनशील स्थलों—जैसे तेल भंडारण क्षेत्र, गैस एजेंसियां और पेट्रोल पंप की नियमित निगरानी करता है। संयंत्र में स्थापित 16,200 से अधिक अग्निशामक यंत्रों का प्रत्येक चार माह में निरीक्षण इस सतत सतर्कता का प्रमाण है। वहीं मेंटेनेंस विंग फायर टेंडर, पंप और आपातकालीन उपकरणों की कार्यक्षमता सुनिश्चित करता है। हाल ही में 12 नए फायर टेंडरों के शामिल होने से इस क्षमता को और सुदृढ़ किया गया है।
ऑपरेशन विंग इस पूरी व्यवस्था का क्रियान्वयन करते हुए आग पर नियंत्रण, रेस्क्यू कॉल, मॉक ड्रिल, वीआईपी ड्यूटी, डिवाटरिंग और गैस लाइन संचालन जैसे विविध कार्यों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करता है। उल्लेखनीय है कि फायर कॉल प्राप्त होते ही मात्र 30 सेकंड के भीतर टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो जाती है। यही त्वरित प्रतिक्रिया कई बार संभावित बड़े नुकसान को टालने में निर्णायक सिद्ध होती है।
साहस की जीवंत मिसालें
हाल के घटनाक्रम इस फायर ब्रिगेड की दक्षता और साहस के सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करते हैं। भिलाई सेक्टर-6 स्थित एक प्रतिष्ठान में लगी आग के दौरान घने धुएं के बीच पीपीवी फैन और ब्रीदिंग अपरेटस सेट का उपयोग करते हुए स्थिति को नियंत्रित किया गया। रायपुर स्थित एक होटल में आग की घटना के दौरान एसडीआरएफ और एनडीआरएफ के साथ समन्वय स्थापित कर सफल बचाव कार्य किया गया। वहीं भनपुरी स्थित टार इंडस्ट्री में बड़े टैंकों में लगी भीषण आग को एएफएफएफ फोम के उपयोग से लगभग छह घंटे के अथक प्रयासों के बाद नियंत्रित किया गया, जिसमें किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
संयंत्र की फायर ब्रिगेड की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि फायर कॉल्स में आई उल्लेखनीय कमी भी है। यह कमी सुनियोजित प्रशिक्षण, नियमित मॉक ड्रिल, आधुनिक उपकरणों की उपलब्धता और व्यापक जागरूकता अभियानों का प्रत्यक्ष परिणाम है। कर्मचारियों एवं आम नागरिकों को दिए जाने वाले प्रशिक्षण और प्रदर्शन कार्यक्रमों ने सुरक्षा के प्रति एक सकारात्मक संस्कृति विकसित की है, जिससे दुर्घटनाओं में स्वतः कमी आई है।
इन सभी प्रयासों के बीच यह स्पष्ट होता है कि भिलाई इस्पात संयंत्र की फायर ब्रिगेड केवल एक विभाग नहीं, बल्कि साहस, अनुशासन और सेवा भावना का जीवंत उदाहरण है। ये वे अनदेखे प्रहरी हैं, जो हर क्षण सतर्क रहकर संयंत्र और समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करते हैं। साथ ही यह भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि अग्नि सुरक्षा केवल एक विभाग का दायित्व नहीं, बल्कि सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। सतर्कता, अनुशासन और नियमों के पालन के माध्यम से ही एक सुरक्षित और संरक्षित वातावरण का निर्माण संभव है।