भानुप्रतापपुर | कांकेर
भानुप्रतापपुर परिवहन संघ के अध्यक्ष गुरदीप सिंह ने आज कांकेर के पुलिस अधीक्षक
निखिल अशोक कुमार राखेचा से सौजन्य मुलाकात कर परिवहन व्यवसाय से जुड़ी गंभीर समस्याओं को प्रमुखता से रखा। बैठक में पार्किंग व्यवस्था की कमी, भारी वाहनों के अनियंत्रित ठहराव और यातायात बाधाओं जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
परिवहन संघ अध्यक्ष ने बताया कि अव्यवस्थित पार्किंग के कारण न सिर्फ व्यापार प्रभावित हो रहा है, बल्कि आम नागरिकों को भी रोज़ाना जाम और असुविधा का सामना करना पड़ता है। इस पर पुलिस अधीक्षक ने संघ की बातों को गंभीरता से सुनते हुए ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया और कहा कि परिवहन व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस व परिवहन संघ के बीच बेहतर समन्वय अनिवार्य है।
एसपी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वाले ट्रक चालकों पर सख्ती पुलिस की ही नहीं, बल्कि परिवहन संघ की भी सामूहिक जिम्मेदारी है। सुरक्षा से कोई समझौता नहीं होगा और नियम तोड़ने वालों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस महत्वपूर्ण बैठक में परिवहन संघ के उपाध्यक्ष लक्ष्मीकांत ठाकुर भी मौजूद रहे। संघ पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि प्रशासनिक सहयोग से जल्द ही पार्किंग व यातायात संबंधी समस्याओं का स्थायी समाधान निकलेगा।
यह मुलाकात परिवहन व्यवस्था सुधार की दिशा में एक निर्णायक कदम मानी जा रही है।
भानुप्रतापपुर परिवहन संघ की एसपी से मुलाकात, पार्किंग व यातायात अव्यवस्था पर बड़ी पहल

18
Feb