टी-20 विश्व कप से पहले सटोरियों पर शिकंजा, चलती कारों से चल रहा था ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा, 37.50 लाख नगद के साथ 6 गिरफ्तार

रायपुर। टी-20 क्रिकेट विश्व कप से पहले राजधानी रायपुर में पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा गंज थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा चला रहे एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया गया है। 

इस कार्रवाई में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 37 लाख 50 हजार रुपये नकद, 10 मोबाइल फोन और तीन महंगी कारें जब्त की हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत लगभग 92 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है।

सूचना पर देर रात दबिश
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, वर्ल्ड कप को देखते हुए ऑनलाइन सट्टेबाजी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही थी। इसी क्रम में 31 जनवरी की रात गंज थाना क्षेत्र अंतर्गत नागोराव गली अंडरब्रिज के पास कुछ लोगों के कारों में बैठकर सट्टा संचालित करने की सूचना मिली। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध वाहनों की जांच की।

तीन वाहनों में बैठकर चला रहे थे सट्टा नेटवर्क
छापेमारी के दौरान पुलिस ने महिंद्रा थार और नेक्सा एक्सएल सहित तीन कारों में बैठे छह युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने अपने नाम रखब देव पाहुजा, पीयूष जैन, जितेंद्र कुमार कृपलानी उर्फ जित्तू, दीपक अग्रवाल, कमल राघवानी और सचिन जैन बताए। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से भारी मात्रा में नकदी और कई मोबाइल फोन बरामद किए गए।

बैटिंग वेबसाइटों से जुड़ा था पूरा खेल
जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी jmdbet777.com और classic777.com जैसी ऑनलाइन बैटिंग साइटों से जुड़े हुए थे। ये लोग मास्टर आईडी बनाकर क्रिकेट सट्टा खेलते और दूसरों को आईडी बेचकर कमीशन के जरिए अवैध कमाई कर रहे थे। मोबाइल फोन की जांच में सट्टेबाजी से संबंधित डिजिटल साक्ष्य भी पुलिस को मिले हैं।

अन्य राज्यों तक फैला नेटवर्क
पुलिस का कहना है कि इस गिरोह के तार महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश सहित अन्य राज्यों से भी जुड़े हो सकते हैं। जब्त रकम को लेकर म्यूल बैंक अकाउंट और हवाला ट्रांजेक्शन के संकेत मिले हैं, जिनकी विस्तृत वित्तीय जांच की जा रही है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी रखब देव पाहुजा, जितेंद्र कुमार कृपलानी, दीपक अग्रवाल और सचिन जैन पूर्व में भी जुआ एक्ट के मामलों में जेल जा चुके हैं।

इन कानूनों के तहत दर्ज हुआ केस
गंज थाना में आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 30/26 दर्ज कर छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 की धारा 7 तथा भारतीय न्याय संहिता की धारा 112(2) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि ऑनलाइन सट्टा खेलने वाले ग्राहकों की भी पहचान कर ली गई है और उनके विरुद्ध अलग से कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि विश्व कप के दौरान सट्टेबाजी पर सख्त नजर रहेगी और इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी जल्द हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *