छत्तीसगढ़ कांग्रेस में जिलाध्यक्ष चयन से पहले सियासी घमासान, दावेदारों ने जताई नाराजगी

congress latest news :

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में जिलाध्यक्षों के नामों के ऐलान से पहले सियासी घमासान मचा हुआ है। एक तरफ दावेदार सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी नाराजगी और असंतोष व्यक्त कर रहे हैं, वहीं पार्टी प्रवक्ताओं ने स्थिति को सामान्य बताते हुए समझाइश दी है। भाजपा नेताओं ने कांग्रेस की इस स्थिति पर तंज कसा है।

रायपुर शहर कांग्रेस जिलाध्यक्ष पद के दावेदार श्रीकुमार मेनन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट के जरिए अपना दर्द साझा किया। पोस्ट में उन्होंने शब्दों जैसे ‘धोखा’, ‘गद्दार’ और ‘पीठ में छुरा’ का प्रयोग किया और कहा कि जिन लोगों को उन्होंने सब कुछ दिया, वही उनकी पीठ में छुरा भोंकते हैं। इससे पहले कांग्रेस नेता शिव सिंह ठाकुर ने भी सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी निराशा व्यक्त की थी।

कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह दावेदारों की व्यक्तिगत पीड़ा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पार्टी ने सभी को समान अवसर दिया है और किसी पर कोई बंधन नहीं लगाया गया। उन्होंने कहा कि यह कोई अंतर्कलह नहीं बल्कि व्यक्तिगत असंतोष है और कांग्रेस ने लोकतांत्रिक प्रक्रिया अपनाई है।

भाजपा नेता केदार गुप्ता ने इस घमासान पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस की राजनीति का स्वभाव हमेशा सत्ता के हथियाने और राज्य की संपत्ति पर नियंत्रण रखने वाला रहा है। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते हुए धन के लोभ ने कांग्रेस को चाकू और तलवार तक की स्थिति में ला दिया है और जनता अब इसकी सच्चाई जान चुकी है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *