
रायपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ खेले जाने वाले अहम टी20 क्रिकेट मैच से पहले भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता को करीब से देखा। टीम के जंगल भ्रमण की तस्वीरें वन मंत्री केदार कश्यप ने सोशल मीडिया पर साझा की हैं।
भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव के साथ टीम के प्रमुख खिलाड़ी संजू सैमसन, वरुण चक्रवर्ती, रिंकू सिंह और कुलदीप यादव ने बार नवापारा वन्यजीव अभयारण्य का भ्रमण किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने वन्यजीवों को नजदीक से देखा और अभयारण्य की समृद्ध जैव-विविधता व प्राकृतिक सौंदर्य का अनुभव किया।

उल्लेखनीय है कि बार नवापारा वन्यजीव अभयारण्य रायपुर से लगभग 100 से 106 किलोमीटर दूर महासमुंद जिले में स्थित है और करीब 245 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में फैला हुआ है। यह अभयारण्य तेंदुआ, भालू, उड़ने वाली गिलहरी, सियार, चार सींग वाला मृग, चिंकारा, काला हिरण और बायसन जैसे वन्यजीवों के लिए जाना जाता है। इसके साथ ही यहां बुलबुल, तोते, गिद्ध, मोर, कठफोड़वा, किंगफिशर, बगुले और ड्रोंगो जैसी विभिन्न पक्षी प्रजातियां भी देखने को मिलती हैं।