होली से पहले नशेड़ी वाहन चालकों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 42 पॉइंट पर चेकिंग में 130 गाड़ियां जब्त

होली से पहले नशेड़ी वाहन चालकों पर पुलिस की ताबड़तोड़ कार्रवाई
विशेष अभियान में 130 चालक पकड़े गए, 42 चेकिंग पॉइंट पर सघन जांच
होली तक जारी रहेगी सख्त कार्रवाई, वाहन होंगे जप्त

रमेश गुप्ता रायपुर। होली पर्व को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से रायपुर यातायात पुलिस द्वारा शहरभर में विशेष अभियान चलाकर नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई। शाम से देर रात्रि तक चले इस अभियान में कुल 130 वाहन चालकों के खिलाफ मोटरयान अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देश तथा पुलिस उपायुक्त (यातायात एवं प्रोटोकॉल) विकास कुमार के मार्गदर्शन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक शुक्ला एवं दौलत राम पोर्ते के निर्देशन में शहर के सभी यातायात थाना क्षेत्रों में 42 चेकिंग पॉइंट स्थापित किए गए। सहायक पुलिस आयुक्तों के नेतृत्व में अधिकारियों ने ब्रीथ एनालाइजर मशीन से सघन जांच अभियान चलाया।


जांच के दौरान 130 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए। कार्रवाई किए गए वाहनों में 39 कार, 73 मोटरसाइकिल, 3 ट्रक तथा 15 टाटा एस पिकअप एवं ई-रिक्शा शामिल हैं। सभी के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए वाहनों को जप्त कर यातायात मुख्यालय एवं संबंधित थानों में सुरक्षार्थ खड़ा किया गया है।
पुलिस के अनुसार, इन मामलों को होली पर्व के बाद माननीय न्यायालय में प्रस्तुत किया जाएगा, जहां प्रत्येक प्रकरण में 10,000 से 15,000 रुपये तक के अर्थदंड का प्रावधान है।
होली तक जारी रहेगा विशेष अभियान
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया है कि होली तक विशेषकर रात्रिकालीन समय में नियमित चेकिंग जारी रहेगी। नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त वैधानिक कार्रवाई एवं वाहन जप्ती की कार्यवाही की जाएगी।
पुलिस की अपील
रायपुर यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशे की हालत में वाहन न चलाएं। तेज रफ्तार और शराब सेवन के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाएं जानलेवा साबित हो सकती हैं। स्वयं और अपने परिजनों की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार नागरिक बनें, नियमों का पालन करें और होली पर्व के दौरान सौहार्द एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *