लोरमी में महुआ बीनने गए दो ग्रामीणों पर भालू का हमला, एक की हालत गंभीर

लोरमी। मुंगेली जिले के लोरमी क्षेत्र में महुआ संग्रहण का सीजन शुरू होते ही जंगली जानवरों के हमले की घटनाएं सामने आने लगी हैं। ताजा मामले में लोरमी के भारतपुर जंगल में महुआ बीनने गए दो ग्रामीणों पर भालू ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में दोनों ग्रामीण घायल हो गए हैं, जिनमें से एक की स्थिति गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल मुंगेली रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम चेचानडीह निवासी गेंदराम और बिसाहू यादव सुबह महुआ संग्रहण के लिए भारतपुर जंगल गए थे। इसी दौरान भालू ने उन पर हमला कर दिया, जिससे दोनों ग्रामीण लहूलुहान हो गए। स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार के पश्चात गंभीर रूप से घायल गेंदराम को बेहतर इलाज के लिए मुंगेली भेजा गया है।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम अस्पताल पहुंची। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घायलों को शासन के नियमानुसार सहायता राशि उपलब्ध कराई जा रही है। इसके साथ ही विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए जंगल में अकेले न जाएं और पूरी सतर्कता बरतें।


Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *