सावधान! बैकुंठपुर-सोनहत मार्ग पर मंड़रा रहा बड़ा खतरा

महीनों से सड़क किनारे पड़े हैं पहाड़ के टुकड़े, प्रशासन बेखबर

कोरिया। जिले के बैकुंठपुर से सोनहत को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है। इस मार्ग पर पहाड़ों से टूटकर गिरे बड़े-बड़े पत्थर महीनों से सड़क किनारे पड़े हुए हैं, जो किसी भी वक्त बड़ी दुर्घटना को दावत दे रहे हैं। विडंबना यह है कि जिले के कई आला अधिकारी इसी मार्ग से रोजाना आवाजाही करते हैं, लेकिन अब तक किसी का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर नहीं गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर-सोनहत मार्ग पर स्थित शिव मंदिर के आगे और ‘वी पॉइंट’ पहुंचने से पहले सड़क के किनारे पहाड़ के बड़े-बड़े टुकड़े गिरे हुए हैं। जिस जगह पर ये पत्थर गिरे हैं, वहां एक बहुत ही खतरनाक मोड़ है। मोड़ होने के कारण सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं देते और सड़क पर पड़े इन पत्थरों की वजह से गाड़ियों को साइड लेने के लिए पर्याप्त जगह भी नहीं मिल पा रही है।

यह पत्थर एक-दो दिन से नहीं, बल्कि कई महीनों से यहाँ पड़े हुए हैं। इस मार्ग का उपयोग जिले के प्रशासनिक अधिकारी और जिम्मेदार विभाग के कर्मचारी भी नियमित रूप से करते हैं। इसके बावजूद पत्थरों को हटाने के लिए कोई पहल न करना विभाग की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान खड़ा करता है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है?

जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि इन भारी-भरकम पत्थरों को तत्काल उक्त स्थान से हटाया जाए। जिससे इस व्यस्त मार्ग पर यातायात सुगम हो सके और किसी भी अप्रिय घटना को टाला जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *