दुर्ग में ऑनलाइन मंगाए गए प्रतिबंधित हथियार का खुलासा, ई-कॉमर्स कंपनी के दो कर्मचारी गिरफ्तार

दुर्ग पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक मामले की जांच के दौरान बड़ी कार्रवाई करते हुए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए प्रतिबंधित धारदार हथियार की डिलीवरी करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, 16 फरवरी को बोरसी निवासी सुमन मारकण्डे (33) ने पद्मनाभपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि 15 फरवरी की रात करीब 9:45 बजे आरोपी प्रकाश यादव ने पुरानी रंजिश के चलते उनके पति शिवनंदन मारकण्डे पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

मामले में पुलिस ने पहले ही मुख्य आरोपी प्रकाश यादव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था। आगे की जांच में आरोपी के मेमोरेंडम और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर यह सामने आया कि हमले में इस्तेमाल किया गया प्रतिबंधित धारदार हथियार एक ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से ऑनलाइन मंगाया गया था। पुलिस जांच में पता चला कि यह हथियार 14 सितंबर 2025 को ऑर्डर किया गया था।

ऑनलाइन ऑर्डर से जुड़े दस्तावेज जब्त
जांच के दौरान पुलिस ने संबंधित ई-कॉमर्स कंपनी के एरिया मैनेजर लोकोप्रियो बानिक (26) निवासी असम और डिलीवरी से जुड़े विवेक वर्मा उर्फ विकु (26) निवासी दुर्ग को नोटिस जारी कर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपी प्रतिबंधित हथियार की आपूर्ति से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

पुलिस के अनुसार, ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के माध्यम से प्रतिबंधित धारदार हथियार की आपूर्ति करना आर्म्स एक्ट की धारा 25(1)(क), 27(3) और धारा 5 व 7 का उल्लंघन है। इसके आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

पुलिस ने मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्य और ऑनलाइन ऑर्डर से संबंधित दस्तावेज भी जब्त किए हैं।

पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऑनलाइन माध्यम से किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित या अवैध वस्तुओं की खरीद-फरोख्त से बचें। ऐसे मामलों में संलिप्त पाए जाने पर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *