छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 1 सितंबर से एक नया नियम लागू किया गया है – अब बिना हेलमेट पेट्रोल नहीं मिलेगा। यह निर्णय पेट्रोल पंप संगठन द्वारा लिया गया था, ताकि लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। नियम लागू करने से पहले रायपुर के कलेक्टर गौरव सिंह को भी आधिकारिक रूप से चिट्ठी लिखकर इसकी जानकारी दी गई थी।

हालांकि पहले दिन इसका खास असर देखने को नहीं मिला। कई लोग बिना हेलमेट पेट्रोल भरवाते नजर आए। पेट्रोल पंप कर्मचारियों का कहना है कि अभी लोगों को समझाने पर जोर दिया जा रहा है और उन्हें चेतावनी दी जा रही है। कर्मचारियों ने बताया कि 2 सितंबर से नियम सख्ती से लागू किया जाएगा और बिना हेलमेट पेट्रोल देने से साफ इंकार किया जाएगा।

इस अभियान का उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और नागरिकों को हेलमेट पहनने की आदत डालना है। लेकिन सवाल यह है कि क्या लोग वास्तव में इस नियम का पालन करेंगे या सिर्फ पहले दिन की तरह लापरवाही बरतते रहेंगे?