पीएम आवास निर्माण में बलौदाबाजार–भाटापारा बना छत्तीसगढ़ का नंबर वन जिला

रायपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत ग्रामीणों को पक्का मकान उपलब्ध कराने की दिशा में बलौदाबाजार–भाटापारा जिले ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2025-26 के लक्ष्यों की पूर्ति में जिला पूरे छत्तीसगढ़ में प्रथम स्थान पर रहा है।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) का उद्देश्य कच्चे मकानों में रहने वाले अथवा बेघर ग्रामीण परिवारों को सभी मूलभूत सुविधाओं से युक्त पक्का आवास उपलब्ध कराना है। इस योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को मकान निर्माण के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है।

कलेक्टर के मार्गदर्शन और जिला पंचायत सीईओ के नेतृत्व में बलौदाबाजार–भाटापारा जिले ने न केवल आवास स्वीकृति की गति बढ़ाई, बल्कि निर्माण कार्य प्रारंभ करने और प्रगति में भी नया रिकॉर्ड कायम किया है।

वर्ष 2025-26 में जिले में कुल 26,843 आवास स्वीकृत किए गए। इनमें से 24,313 आवासों के लिए पहली किश्त जारी की जा चुकी है। 20,480 आवासों का निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है, जबकि 15,120 आवास प्लिंथ स्तर तक पूर्ण हो चुके हैं।

राज्य में सर्वाधिक प्लिंथ स्तर निर्माण
जिले में 15,120 आवासों का प्लिंथ स्तर तक निर्माण पूरा हो चुका है, जो राज्य में सर्वाधिक है। कुल 26,439 आवासों का एफटीओ किया गया है, जिनमें से 24,313 हितग्राहियों के खातों में पहली किश्त का सफलतापूर्वक अंतरण किया जा चुका है।

कुल स्वीकृत आवासों में से 20,480 मकानों पर कार्य प्रारंभ हो जाना और 139 आवासों का पूर्ण होना प्रशासनिक तत्परता और ग्रामीणों की भागीदारी को दर्शाता है। पीएम जनमन योजना के अंतर्गत भी जिले में 25 पात्र हितग्राहियों के आवास स्वीकृत कर शत-प्रतिशत निर्माण पूर्ण कराया गया है।

रेन वाटर हार्वेस्टिंग में भी उल्लेखनीय उपलब्धि
जल संरक्षण के क्षेत्र में जिले को देश में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ है, जिसमें प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के हितग्राहियों का विशेष योगदान रहा है। योजना के तहत पूर्ण हो चुके आवासों में 15,260 रेन वाटर हार्वेस्टिंग संरचनाओं का निर्माण कराया गया है।

इस उपलब्धि से जिले के हजारों ग्रामीण परिवारों का पक्का घर पाने का सपना साकार हो रहा है। साथ ही यह योजना ग्रामीण विकास को गति देने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *