बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के कई गांवों में एक पागल कुत्ते का आतंक फैला हुआ है। बीते दो दिनों में इस कुत्ते ने कुल 20 लोगों को काटकर घायल कर दिया है।
ताजा घटना में कुत्ते ने सरपंच सहित 9 लोगों पर हमला किया। इससे एक दिन पहले 11 लोग इसके हमले का शिकार हुए थे। लगातार हो रहे हमलों से ग्रामीणों में भय का माहौल है।
एक सीसीटीवी फुटेज में कुत्ता एक बुजुर्ग पर झपट्टा मारते दिखा है। बुजुर्ग ने हिम्मत से लाठी का सहारा लेकर कुत्ते को भगाया और अपनी जान बचाई। ग्रामीणों के अनुसार कुत्ता अचानक लोगों पर हमला कर रहा है।
नारागांव, नर्रा, बरही, कन्नेवाड़ा, करहीभदर, मुजगहन, सोरर सहित आसपास के कई गांव प्रभावित हैं। हालात इतने गंभीर हैं कि बच्चे, बुजुर्ग और महिलाएं घर से बाहर निकलने से डर रहे हैं। कई लोग लाठी-डंडे लेकर कुत्ते को मारने के लिए तैयार नजर आ रहे हैं।
घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी को एंटी-रेबीज इंजेक्शन दिए जा रहे हैं और उनका इलाज जारी है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और पशु चिकित्सा विभाग से तत्काल कार्रवाई की मांग की है ताकि कुत्ते को पकड़ा जा सके और बड़ी घटना टाली जा सके। अभी तक प्रशासन की ओर से कुत्ते को पकड़ने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।