रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से यात्रा करने वाले रेल यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। गाड़ी संख्या 18242 अंबिकापुर–दुर्ग एक्सप्रेस अब रायपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 से प्रस्थान करेगी। यह नई व्यवस्था दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन द्वारा लागू की गई है, जिससे यात्रियों को प्लेटफॉर्म बदलने की परेशानी से राहत मिलेगी।

लंबे समय से थी यह मांग
यात्रियों की ओर से लंबे समय से यह मांग की जा रही थी कि ट्रेन को प्लेटफॉर्म-1 से संचालित किया जाए, ताकि स्टेशन परिसर में अनावश्यक भीड़भाड़ और आवागमन की समस्या कम हो सके। राज्य के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल के कार्यालय ने इस मामले में मंडल रेल प्रबंधक, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रायपुर को पत्र लिखकर समस्या का समाधान करने का आग्रह किया।
रेलवे ने लिया त्वरित निर्णय
मंडल रेल प्रबंधक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए ट्रेन को प्लेटफॉर्म-1 से संचालित करने का निर्देश जारी किया। रेलवे प्रशासन ने आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर इस सुविधा को तुरंत लागू कर दिया।
यात्रियों को मिलेगा सीधा लाभ
इस निर्णय से अंबिकापुर, दुर्ग और छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। विशेषकर बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और भारी सामान के साथ यात्रा करने वाले यात्री अब सुरक्षित और सुविधाजनक तरीके से यात्रा कर सकेंगे। प्लेटफॉर्म बदलने की झंझट खत्म होने से समय की बचत और सुरक्षा दोनों सुनिश्चित होंगी।
मंत्री ने जताया आभार
इस अवसर पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने मंडल रेल प्रबंधक और संबंधित अधिकारियों को इस प्रयास के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि यात्रियों की सुविधा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी रेल यात्रियों को इस नई व्यवस्था के लिए शुभकामनाएं भी दी।