रायपुर। राजधानी के तहसील कार्यालय परिसर में आज एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर संजय नेताम के खिलाफ जमकर प्रदर्शन किया। संगठन ने आरोप लगाया है कि संजय नेताम के नकली दवाइयों के कारोबारियों के साथ कथित तौर पर संबंध हैं।
एनएसयूआई नेताओं ने एक कथित वीडियो का हवाला देते हुए दावा किया कि असिस्टेंट ड्रग कंट्रोलर को टैन कैफे में संदिग्ध कारोबारियों के साथ देखा गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि इतने गंभीर साक्ष्य और आरोप सामने आने के बाद भी प्रशासन ने अब तक अधिकारी के खिलाफ कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विभाग में भ्रष्टाचार और नकली दवाओं के व्यापार के खिलाफ नारेबाजी की। छात्र नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि नकली दवाइयों का कारोबार सीधे तौर पर जनता के स्वास्थ्य और जान से खिलवाड़ है। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।