असम विधानसभा चुनाव 2026: बीजेपी का ‘संकल्प पत्र’ जारी, UCC और 2 लाख नौकरियों का मास्टरप्लान

Assam Election 2026 : गुवाहाटी। असम विधानसभा चुनाव 2026 के लिए भारतीय जनता पार्टी ने अपना चुनावी घोषणा पत्र (संकल्प पत्र) मंगलवार को जारी कर दिया है। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में इसे पेश किया। इस संकल्प पत्र में विकास, सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर विशेष जोर दिया गया है।

रोजगार और आर्थिक सहायता पर बड़ा दांव बीजेपी ने वादा किया है कि अगर वे दोबारा सत्ता में आते हैं, तो अगले पांच वर्षों में राज्य के युवाओं को 2 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएंगी। इसके साथ ही महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए ‘अरुणोदय योजना’ की राशि को 1250 रुपये से बढ़ाकर सीधा 3000 रुपये करने का लक्ष्य रखा गया है। मुख्यमंत्री महिला उद्यमशीलता योजना के जरिए राज्य में 40 लाख ‘लखपति बाइदेउ’ (लखपति बहनें) बनाने का भी संकल्प लिया गया है।

UCC और लव जिहाद के खिलाफ सख्त रुख घोषणा पत्र की सबसे बड़ी घोषणाओं में समान नागरिक संहिता (UCC) को लागू करना शामिल है। मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने स्पष्ट किया कि इसे छठी अनुसूची और आदिवासी (ST) क्षेत्रों को छोड़कर पूरे असम में प्रभावी बनाया जाएगा। साथ ही, ‘लव जिहाद’ और ‘लैंड जिहाद’ जैसे मुद्दों से निपटने के लिए कड़े कानून लाने का वादा किया गया है ताकि मूल असमिया लोगों की जमीन और संस्कृति की रक्षा की जा सके।

इन्फ्रास्ट्रक्चर और बाढ़ मुक्ति का विजन राज्य को बाढ़ की समस्या से निजात दिलाने के लिए शुरुआती दो वर्षों में 18,000 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है। शिक्षा के क्षेत्र में ‘हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज और एक इंजीनियरिंग कॉलेज’ खोलने का लक्ष्य रखा गया है। असम को भारत के पूर्वी प्रवेश द्वार के रूप में विकसित करने के लिए 5 लाख करोड़ रुपये के भारी निवेश का रोडमैप तैयार किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *