आनंदपुर धाम ट्रस्ट मामले में रिश्वत की मांग, हटाए गए अशोकनगर कलेक्टर, अब इन्हें मिली जिम्मेदारी

भोपाल। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले में आनंदपुर धाम ट्रस्ट से कथित तीन करोड़ रुपये की रिश्वत मांगने के आरोपों के बीच शासन ने कलेक्टर आदित्य सिंह को पद से हटा दिया है। उनकी जगह आईएएस अधिकारी साकेत मालवीय को अशोकनगर का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है।

आदित्य सिंह को भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास विभाग में संचालक (उपसचिव स्तर) की जिम्मेदारी सौंपी गई है। यह प्रशासनिक फेरबदल बुधवार रात को किया गया। आनंदपुर धाम ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने कलेक्टर पर जमीन नामांतरण से संबंधित मामले में तीन करोड़ रुपये की मांग का आरोप लगाते हुए शिकायत प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) तथा मुख्य सचिव अनुराग जैन सहित अन्य उच्च अधिकारियों को भेजी थी।

कलेक्टर आदित्य सिंह ने आरोपों को पूरी तरह निराधार बताते हुए इनका खंडन किया था तथा कहा था कि उन्हें इसकी कोई जानकारी नहीं है। आरोपों के बाद तबादले की अटकलें तेज हो गई थीं तथा कुछ स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर उनके समर्थन में अभियान भी चलाया था।

शासन ने विवाद के बीच त्वरित कार्रवाई करते हुए कलेक्टर का तबादला कर दिया है। नए कलेक्टर साकेत मालवीय पूर्व में कर्मचारी चयन मंडल के संचालक थे। यह बदलाव जिले में प्रशासनिक स्थिरता बनाए रखने तथा आरोपों की जांच के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *