334 अंकों के साथ कक्षा 9 में चयन, अंबिकापुर सैनिक स्कूल में मिलेगा प्रवेश;
मेहनत और अनुशासन से हासिल की सफलता
रायगढ़। शहर के रामभाठा संजय मैदान क्षेत्र निवासी अर्णव गुप्ता ने ऑल इंडिया सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 334 अंक अर्जित कर छत्तीसगढ़ में तीसरा स्थान हासिल किया है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार के साथ-साथ पूरे क्षेत्र में गर्व और उत्साह का माहौल है।
अर्णव, मनीष साव और आरती गुप्ता के सुपुत्र हैं। उन्होंने कक्षा 9 में प्रवेश के लिए आयोजित इस प्रतिष्ठित परीक्षा को शानदार अंकों से उत्तीर्ण कर अंबिकापुर सैनिक स्कूल में अपना स्थान सुनिश्चित किया है। उनकी सफलता का श्रेय उनकी नियमित पढ़ाई, शिक्षकों के मार्गदर्शन और माता-पिता के सतत सहयोग को जाता है।
शिक्षकों के अनुसार, अर्णव शुरू से ही एक मेहनती, अनुशासित और लक्ष्य के प्रति समर्पित छात्र रहे हैं। उनकी लगन, निरंतर अभ्यास और कठिन परिश्रम का ही परिणाम है कि उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। अर्णव ने इस परीक्षा की तैयारी के लिए दिन-रात मेहनत की और पिछले दो वर्षों से रायपुर स्थित डीएसी अकादमी में अध्ययन कर स्वयं को बेहतर ढंग से तैयार किया।
सैनिक स्कूल सोसाइटी के अंतर्गत संचालित ये विद्यालय देश के प्रतिष्ठित आवासीय शिक्षण संस्थानों में शामिल हैं, जो भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के अधीन आते हैं। इन संस्थानों का मुख्य उद्देश्य छात्रों में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और देश सेवा की भावना का विकास करना है। यहां से शिक्षा प्राप्त करने वाले अनेक छात्र आगे चलकर राष्ट्रीय रक्षा अकादमी और भारतीय सेना की विभिन्न प्रतिष्ठित इकाइयों में चयनित होते हैं।
अर्णव की इस सफलता पर उनके परिजनों, शिक्षकों और क्षेत्रवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। उनकी उपलब्धि ने न केवल परिवार का नाम रोशन किया है, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।