कांकेर का आर्मी जवान लापता, छुट्टी से वापसी के दौरान झांसी से आखिरी बार हुई थी बात

कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले का एक सेना का जवान पिछले कई दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता है। जवान के लापता होने की खबर से परिजनों सहित पूरे चिनौरी गांव में चिंता का माहौल है। परिजनों के अनुसार, जवान छुट्टी बिताने के बाद अपनी ड्यूटी पर वापस लौट रहा था, लेकिन वह अपनी बटालियन तक नहीं पहुंचा।

परिजनों ने बताया कि जवान से उनकी आखिरी बार फोन पर बातचीत 11 जनवरी को हुई थी, तब वह झांसी में था। उस बातचीत के बाद से ही उसका मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा है। जब निर्धारित समय तक जवान अपनी बटालियन में रिपोर्ट करने नहीं पहुंचा, तब सेना के अधिकारियों और परिवार के बीच संपर्क हुआ और मामले का खुलासा हुआ।

लापता जवान के परिवार ने बताया कि उन्होंने अपने स्तर पर हर संभव संपर्क साधने की कोशिश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। अब परेशान परिजनों ने जिला प्रशासन और पुलिस से मदद की गुहार लगाई है। ग्रामीणों ने भी जवान की सुरक्षित वापसी के लिए प्रशासन से मामले की गंभीरता से जांच करने और खोजबीन तेज करने की मांग की है।

गौरतलब है कि कांकेर जिले में पहले भी सुरक्षा बल के जवान के लापता होने की घटना सामने आ चुकी है। इस ताजा मामले ने एक बार फिर स्थानीय स्तर पर सुरक्षा और जवानों की ट्रैकिंग प्रणाली को लेकर चिंता बढ़ा दी है। फिलहाल पुलिस और संबंधित एजेंसियां जवान की लोकेशन ट्रेस करने और उसके लापता होने के कारणों का पता लगाने में जुट गई हैं।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *