आरंग। छत्तीसगढ़ के नेशनल हाईवे 53 पर शुक्रवार सुबह एक भयावह सड़क हादसा हुआ, जिसमें एक हाईवा ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार एक ही परिवार के तीन सदस्य चक्के के नीचे आ गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतकों की पहचान मंगलू जलक्षत्री (28 वर्ष), उनके बेटे तिलक जलक्षत्री (6 वर्ष) और श्रवण जलक्षत्री (40 वर्ष) के रूप में हुई है। सभी आरंग के बागेश्वर पारा के निवासी थे।
जानकारी के अनुसार तीनों प्लेटिना बाइक पर महानदी में मछली पकड़ने के लिए जा रहे थे। इसी दौरान मूरूम से लदा हाईवा विपरीत दिशा से आया और बाइक से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार चक्के के नीचे आ गए और हाईवा ने उन्हें कुछ दूरी तक घसीटा।
हादसे के बाद मौके पर शव बिखर गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। हाईवा चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन जब्त कर लिया है और चालक की तलाश में जांच जारी है।