कोरिया, 19 मार्च 2026/
आगामी त्यौहारों ईद, रामनवमी और चैट्रीचंड को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कलेक्टरेट सभाकक्ष में अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी श्री सुरेंद्र प्रसाद की अध्यक्षता में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारियों के साथ-साथ सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और समुदायों के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस दौरान सभी से आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे के साथ त्यौहार मनाने की अपील की गई।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने पुलिस प्रशासन को अलर्ट मोड में रहने और असामाजिक तत्वों तथा अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए। ध्वनि प्रदूषण और परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए डीजे के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने का निर्णय लिया गया।
रामनवमी जुलूस के लिए निर्धारित समय और रूटमैप का सख्ती से पालन कराने की बात कही गई। वहीं, नवरात्रि के दौरान सड़क किनारे खुले में मांस की बिक्री करने वाली दुकानों को अस्थायी रूप से बंद रखने का सुझाव भी बैठक में रखा गया।
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से शांति बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है। बैठक में उप पुलिस अधीक्षक, एसडीएम, नगरीय निकायों के अधिकारी, तहसीलदार और थाना प्रभारी भी मौजूद रहे।