अंजन माइंस ने अंजन हिल कोयला खदान परियोजना की जनसुनवाई सफलतापूर्वक संपन्न की

खड़गवां, 5 फरवरी 2026। अंजन माइंस प्राइवेट लिमिटेड ने दक्षिण-पूर्वी चिरमिरी कोलफील्ड क्षेत्र में स्थित अपनी प्रस्तावित अंजन हिल कोयला खदान परियोजना के लिए जनसुनवाई सफलतापूर्वक पूरी कर ली है। यह खदान कोल इंडिया लिमिटेड की सहायक कंपनी मेसर्स साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) के चिरमिरी क्षेत्र के अंतर्गत आती है और लगभग 388.261 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली हुई है।

अधिकारियों और प्रतिनिधियों की मौजूदगी में हुई प्रक्रिया प्रस्तावित कोयला उत्खनन के लिए जनसुनवाई 5 फरवरी को ग्राम भुकभुकी (जनपद पंचायत खड़गवां) में आयोजित की गई। इसमें क्षेत्रीय एवं जिला प्रशासन के अधिकारियों में अपर कलेक्टर अनिल सिदार, पर्यावरण जलवायु संरक्षण अधिकारी शैलेश पिसदा, अनुविभागीय अधिकारी बृजेन्द्र सारथी, स्थानीय सीएसपी दीपिका मिंज, एसईसीएल के महाप्रबंधक अशोक कुमार एवं सब एरिया मैनेजर मनीष सिंह मौजूद थे। जनसुनवाई में स्थानीय प्रतिनिधियों ने अपना समर्थन जताया। जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रिया मेश्राम ने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए हम खदान के खुलने का स्वागत करते हैं। अन्य प्रतिनिधियों में महापौर चिरमिरी राम नरेश राय, संतोष सिंह (सभापति नगर निगम चिरमिरी), शिवांश जैन (ब्लॉक अध्यक्ष चिरमिरी), गायत्री बिरहा (नेता प्रतिपक्ष नगर निगम चिरमिरी) एवं स्थानीय वरिष्ठ पत्रकार श्रीकांत शुक्ला भी शामिल थे।

निजी भूमि के अधिग्रहण पर दी सफाई जनसुनवाई के दौरान कुछ स्थानीय निवासियों ने निजी भूमि के संभावित अधिग्रहण को लेकर चिंताएं व्यक्त कीं। इन चिंताओं का समाधान करते हुए अंजन माइंस प्राइवेट लिमिटेड ने स्पष्ट रूप से कहा कि किसी भी निजी भूमि का अधिग्रहण नहीं किया जाएगा। परियोजना का विकास पूरी तरह से आवंटित लीज क्षेत्र के भीतर, सभी वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप किया जाएगा।

सामुदायिक विकास के प्रति प्रतिबद्धता अंजन माइंस प्राइवेट लिमिटेड ने स्थानीय समुदायों के समग्र विकास, स्वास्थ्य सेवाएं, पर्यावरण संरक्षण, रोजगार सृजन, सुरक्षा उपाय और जल प्रबंधन पर विशेष जोर दिया। कंपनी ने हालिया सामुदायिक पहलों का भी उल्लेख किया, जिनमें हुडी जैकेट, स्कूल बैग और डेस्क-बेंच का वितरण शामिल है। इस परियोजना से संबंधित किसी प्रकार का विस्थापन, पुनर्वास या अतिक्रमण का मुद्दा नहीं है और इससे वनों या जल स्रोतों पर किसी प्रतिकूल प्रभाव की अपेक्षा नहीं है।

आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा स्थानीय व्यापार जगत के प्रतिनिधि ओम प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि यह परियोजना क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण विकास अवसर है। इससे स्थानीय आजीविका को बढ़ावा मिलेगा और चिरमिरी के व्यापारिक समुदाय की आर्थिक नींव सुदृढ़ होगी। सफल जनसुनवाई के बाद अब अंजन माइंस प्राइवेट लिमिटेड वैधानिक एवं नियामक स्वीकृतियों के अनुरूप अगले चरणों की ओर अग्रसर होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *