जालंधर। शहर के वेस्ट हलके स्थित सर्जिकल कॉम्प्लेक्स की मेट्रो मिल्क फैक्ट्री में सोमवार को अचानक अमोनिया गैस का रिसाव हो गया। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी मच गई और वहां काम कर रहे कर्मचारियों को सांस लेने में तकलीफ होने लगी।
सूचना मिलते ही प्रशासन और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। क्रेन की मदद से फैक्ट्री की दीवार तोड़कर अंदर फंसे कर्मचारियों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, करीब 30 कर्मचारी फैक्ट्री के अंदर फंसे हुए हैं। उनकी जान बचाने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। गैस लीक की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और घटना की वजह की जांच की जा रही है।