उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच भाजपा ने घोषित किए 11 नए जिलाध्यक्ष

भाजपा स्थापना दिवस व अंबेडकर जयंती की तैयारियों को लेकर कल महत्वपूर्ण जिला बैठक

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए राजनीतिक दलों ने अपनी सांगठनिक नियुक्तियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में भारतीय जनता पार्टी ने 11 नए जिलाध्यक्षों के नामों की घोषणा की है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी द्वारा जारी सूची के अनुसार, पार्टी ने सबसे अधिक पश्चिम क्षेत्र में 4 जिलाध्यक्ष नियुक्त किए हैं, जबकि अवध क्षेत्र में 3 और ब्रज क्षेत्र में 2 जिलाध्यक्षों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इन नई नियुक्तियों के साथ ही भाजपा ने जातीय समीकरणों को साधने का भी प्रयास किया है। अब संगठन में सामान्य वर्ग के जिलाध्यक्षों की कुल संख्या 51 हो गई है, जिसमें 24 ब्राह्मण, 14 ठाकुर, 6 वैश्य और 5 कायस्थ शामिल हैं। इसके अलावा अन्य पिछड़ा वर्ग से 35 और अनुसूचित जाति वर्ग से 9 जिलाध्यक्ष संगठन का नेतृत्व कर रहे हैं। वर्ष 2027 के चुनाव को ध्यान में रखते हुए पार्टी ने पिछड़ा वर्ग और सामान्य वर्ग के बीच संतुलन बनाने की रणनीति अपनाई है।

हालिया नियुक्तियों में पार्टी ने तीन ब्राह्मण, दो मौर्य और दो पासी समाज के नेताओं को मौका दिया है। इसके साथ ही कायस्थ, ठाकुर, वैश्य और कश्यप समाज से भी एक-एक जिलाध्यक्ष बनाया गया है।

नवनियुक्त जिलाध्यक्षों की सूची इस प्रकार है:

शामली से रामजी लाल कश्यप, अमरोहा से उदय गिरी गोस्वामी, सहारनपुर से अजीत सिंह राणा और बागपत से नीरज शर्मा को जिम्मेदारी दी गई है। पीलीभीत में गोकुल प्रसाद मौर्य, लखीमपुर में अरविंद गुप्ता, गोंडा में इकबाल बहादुर तिवारी और अयोध्या में राधे श्याम त्यागी को जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। अयोध्या महानगर की कमान कमलेश श्रीवास्तव को सौंपी गई है, जबकि काशी से लाल बहादुर सरोज और सिद्धार्थनगर से दीपक मौर्य को जिलाध्यक्ष बनाया गया है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *