होली के बीच अंबेडकर अस्पताल ‘हाई अलर्ट’ पर, 24 घंटे तैनात रहेंगे डॉक्टर और स्टाफ

रायपुर। रंगों के त्योहार होली पर राजधानीवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने के लिए प्रदेश का सबसे बड़ा सरकारी अस्पताल, डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय (मेकाहारा), पूरी तरह तैयार है। त्योहार के दौरान होने वाली संभावित सड़क दुर्घटनाओं, आपसी विवाद या रंगों से होने वाली एलर्जी जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए अस्पताल प्रबंधन ने विशेष ‘ब्लूप्रिंट’ तैयार किया है।

अस्पताल के अधीक्षक डॉ. संतोष सोनकर ने आगामी 4 मार्च को होने वाले होली उत्सव के मद्देनजर सभी विभागों के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया है कि भले ही राजपत्रित अवकाश के कारण ओपीडी (OPD) सेवाएं बंद रहेंगी, लेकिन आपातकालीन विभाग (Emergency Department) पहले की तरह ही 24 घंटे मुस्तैद रहेगा। किसी भी अप्रिय घटना या मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में मरीजों को तत्काल उपचार मिल सके, इसके लिए डॉक्टरों और पैरामेडिकल स्टाफ की अतिरिक्त तैनाती सुनिश्चित की गई है।

दवाइयों का स्टॉक और स्टाफ की छुट्टियां रद्द

त्योहार के दौरान अक्सर इमरजेंसी के केस बढ़ जाते हैं, इसे देखते हुए अस्पताल के सभी वार्डों में जीवन रक्षक दवाओं (Life-saving drugs) का पर्याप्त स्टॉक जमा कर लिया गया है। अधीक्षक ने नर्सिंग स्टाफ और वार्ड बॉयज को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। आपातकालीन सेवाओं में लगे स्टाफ को मुख्यालय न छोड़ने की हिदायत दी गई है ताकि किसी भी बड़ी दुर्घटना की स्थिति में तुरंत ‘रिस्पांस टीम’ तैयार की जा सके।

रेफरल सेवाओं के लिए एम्बुलेंस तैयार

अस्पताल प्रशासन ने डीकेएस (DKS) सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के साथ भी समन्वय बनाया है। यदि किसी मरीज को न्यूरोसर्जरी या अन्य सुपर स्पेशियलिटी उपचार की तत्काल आवश्यकता पड़ती है, तो अंबेडकर अस्पताल से डीकेएस तक एम्बुलेंस परिवहन सेवा को ‘स्टैंडबाय’ पर रखा गया है। इसके साथ ही, अस्पताल परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है ताकि किसी भी तरह के हंगामे की स्थिति को टाला जा सके।

सुरक्षित होली की अपील

डॉ. सोनकर ने जनता से अपील की है कि वे प्राकृतिक रंगों का उपयोग करें और शराब पीकर वाहन चलाने जैसी लापरवाही से बचें। उन्होंने कहा कि त्योहार खुशियों का प्रतीक है, इसे सावधानी से मनाएं। किसी भी प्रकार की चिकित्सीय सहायता के लिए मेकाहारा का इमरजेंसी गेट हर समय खुला रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *