छत्तीसगढ़ के DIG डॉ. संतोष सिंह की किताब की दिल्ली में धूम; अजीत डोभाल और शक्तिकान्त दास ने दी बधाई

रमेश गुप्ता

 IPS Dr Santosh Kumar Singh : नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के आईपीएस अधिकारी और वर्तमान में पुलिस मुख्यालय में पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) के पद पर तैनात डॉ. संतोष कुमार सिंह की शैक्षणिक उपलब्धि की सराहना देश के शीर्ष प्रशासनिक गलियारों में हो रही है।

उनकी हालिया प्रकाशित पुस्तक “इन्स्टिट्यूशनाइजेशन ऑफ पीस-बिल्डिंग: फंक्शनिंग ऑफ यूनाइटेड नेशंस पीस-बिल्डिंग कमीशन इन सिएरा लियोन एंड बुरुंडी” (Institutionalization of Peacebuilding: Functioning of United Nations Peacebuilding Commission in Sierra Leone & Burundi) के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) से दो महत्वपूर्ण प्रशंसा पत्र प्राप्त हुए हैं।

प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव-2 शक्तिकान्त दास ने डॉ. सिंह को पत्र लिखकर बधाई दी है। उन्होंने अपने पत्र में कहा कि इस महत्वपूर्ण प्रकाशन को लाने में डॉ. सिंह द्वारा किए गए समर्पित प्रयास सराहनीय हैं। उन्होंने इस शैक्षणिक कार्य के लिए उन्हें अपनी शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

वहीं, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) अजीत डोभाल (कीर्ति चक्र) ने भी डॉ. सिंह की पुस्तक पर विस्तृत सराहना भेजी है। उन्होंने अपने पत्र में उल्लेख किया कि यह पुस्तक संयुक्त राष्ट्र शांति निर्माण आयोग के कामकाज और शांति बहाली के संस्थागत तंत्र पर एक व्यापक और व्यावहारिक पृष्ठभूमि प्रदान करती है।

उन्होंने कहा कि द्वितीय विश्व युद्ध के बाद शुरू हुए अंतरराष्ट्रीय शांति प्रयासों को वर्तमान संघर्षपूर्ण वातावरण में एक नए दृष्टिकोण की आवश्यकता है, जिसे यह पुस्तक बखूबी रेखांकित करती है। उन्होंने डॉ. सिंह के इस सराहनीय शोध कार्य के लिए उन्हें बधाई दी और उनके शैक्षणिक व पेशेवर भविष्य के लिए सफलता की कामना की।

डॉ. संतोष कुमार सिंह की यह पुस्तक मुख्य रूप से संयुक्त राष्ट्र द्वारा सिएरा लियोन और बुरुंडी जैसे देशों में शांति स्थापना के लिए किए गए संस्थागत प्रयासों और उनकी कार्यप्रणाली पर आधारित है। छत्तीसगढ़ पुलिस के अधिकारी की इस अंतरराष्ट्रीय स्तर की शोध आधारित उपलब्धि ने राज्य का मान बढ़ाया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *