दुर्ग। भिलाई में सिविक सेंटर के पास पुलिस लाइन ग्राउंड में बुधवार को बड़ा हादसा हो गया। सड़क सुरक्षा सप्ताह के तहत आयोजित ट्रैफिक अवेयरनेस कार्यक्रम के दौरान लगाया गया एयर बलून अचानक फट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। यह घटना भिलाई नगर थाना क्षेत्र की है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हवा कम होने के कारण आकाश में उड़ रहा एयर बलून धीरे-धीरे नीचे आ रहा था। इसी दौरान उसे पकड़ने के लिए दो बच्चे आगे बढ़े, तभी बलून में आग लग गई और दोनों बच्चे झुलस गए। बच्चों को बचाने की कोशिश में उनकी मां भी आग की चपेट में आ गई।
बताया जा रहा है कि जमीन के पास पहुंचते ही एयर बलून में जोरदार धमाका हुआ। हादसे के तुरंत बाद सभी घायलों को भिलाई के सेक्टर-9 अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बच्चों का इलाज बर्न यूनिट में जारी है। मां को भी प्राथमिक उपचार के बाद भर्ती किया गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और एयर बलून संचालन से जुड़े सुरक्षा इंतजामों की भी पड़ताल की जा रही है।