Ai+ ब्रांड का पहला फोल्डेबल फोन Nova Flip 2026 की पहली तिमाही में होगा लॉन्च


नई दिल्ली। देसी स्मार्टफोन निर्माता NxtQuantum अपने Ai+ ब्रांड के तहत फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में प्रवेश करने जा रहा है। कंपनी ने अपने आगामी फोल्डेबल फोन Nova Flip को आधिकारिक तौर पर कन्फर्म कर दिया है। यह फोन Ai+ ब्रांड का अब तक का सबसे महंगा स्मार्टफोन होगा और 2026 की पहली तिमाही में लॉन्च किया जाएगा।

कंपनी ने Nova Flip का टीजर भी जारी किया है। उल्लेखनीय है कि Ai+ के को-फाउंडर रियलमी इंडिया के पूर्व सीईओ माधव सेठ हैं। Ai+ ने जुलाई 2025 में भारतीय बाजार में दो बजट स्मार्टफोन्स के साथ अपनी शुरुआत की थी। अब कंपनी अपनी नोवा सीरीज का विस्तार करते हुए Nova Pro, Nova Ultra और Nova Flip को अगले वर्ष बाजार में उतारने की तैयारी कर रही है।

कंपनी के अनुसार Nova Flip उसके देसी ऑपरेटिंग सिस्टम NxtQuantum OS पर काम करेगा। यह सॉफ्टवेयर फोल्डेबल फॉर्मेट को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है, जिससे फोन के आवश्यक फीचर्स आसानी से एक्सेस किए जा सकेंगे। कंपनी का दावा है कि इसमें कोई प्री-लोडेड ब्लोटवेयर नहीं होगा और यूजर्स को अपने पर्सनल डेटा पर पूरा नियंत्रण मिलेगा।

कीमत को लेकर कंपनी ने संकेत दिया है कि Nova Flip को 40 हजार रुपये से कम कीमत में लॉन्च किया जाएगा। हालांकि यह Ai+ ब्रांड का सबसे महंगा फोन होगा, लेकिन फ्लिप डिजाइन सेगमेंट में यह सबसे किफायती विकल्पों में शामिल हो सकता है।

जारी टीजर के अनुसार फोन क्लैमशेल डिजाइन में आएगा। इसमें अलग रंग का पावर बटन, डुअल रियर कैमरा सेटअप और छोटा कवर डिस्प्ले मिलेगा। मुख्य स्क्रीन पर पंच होल सेल्फी कैमरा दिया जाएगा। फिलहाल प्रोसेसर और बैटरी से जुड़ी जानकारी कंपनी ने साझा नहीं की है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *