13 फरवरी से 1 अप्रैल तक ऑनलाइन आवेदन, युवाओं से अधिक से अधिक भागीदारी की अपील
कोरिया, 10 मार्च 2026/ देश सेवा का सपना देखने वाले कोरिया जिले के युवाओं के लिए भारतीय थलसेना में अग्निवीर भर्ती 2026 के माध्यम से सुनहरा अवसर उपलब्ध हुआ है। इच्छुक अभ्यर्थी 13 फरवरी से 1 अप्रैल 2026 तक आधिकारिक वेबसाइट www.joinindianarmy.nic.in पर ऑनलाइन पंजीयन कर आवेदन कर सकते हैं।
भर्ती प्रक्रिया चार चरणों में आयोजित की जाएगी। प्रथम चरण में 1 से 15 जून 2026 के बीच ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित लिखित परीक्षा होगी। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों को शारीरिक दक्षता परीक्षण, चिकित्सा परीक्षण और दस्तावेज परीक्षण के लिए बुलाया जाएगा।
इस भर्ती के अंतर्गत अग्निवीर जनरल ड्यूटी, अग्निवीर टेक्निकल, अग्निवीर क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल तथा अग्निवीर ट्रेडसमेन (10वीं एवं 8वीं पास) पदों पर भर्ती की जाएगी। अभ्यर्थियों की आयु 17½ वर्ष से 22 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है तथा पद के अनुसार 8वीं, 10वीं या 12वीं उत्तीर्ण होना आवश्यक है।
शारीरिक दक्षता परीक्षा में 1.6 किलोमीटर दौड़, पुल-अप, 9 फीट गड्ढा कूद और बैलेंसिंग बीम जैसी परीक्षाएं शामिल होंगी। वहीं सामान्य ड्यूटी के लिए न्यूनतम ऊंचाई लगभग 162 से 168 सेंटीमीटर, वजन लगभग 47 से 50 किलोग्राम तथा 77 सेंटीमीटर सीना (5 सेंटीमीटर फुलाव के साथ) निर्धारित किया गया है।
अग्निवीरों को चार वर्ष की सेवा अवधि के दौरान आकर्षक वेतन पैकेज मिलेगा। प्रथम वर्ष में लगभग 30 हजार रुपये, द्वितीय वर्ष में 33 हजार रुपये, तृतीय वर्ष में 36,500 रुपये तथा चतुर्थ वर्ष में 40 हजार रुपये मासिक पैकेज एवं भत्ता दिया जाएगा। सेवा अवधि पूर्ण होने पर लगभग 11 लाख रुपये का सेवा निधि पैकेज भी प्रदान किया जाएगा।
प्रशासन ने युवाओं से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर देश सेवा के साथ-साथ अपने उज्ज्वल भविष्य की दिशा में कदम बढ़ाएं और भर्ती प्रक्रिया के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ही आवेदन करें। साथ ही किसी भी प्रकार के दलाल या बिचौलियों से सावधान रहने की सलाह दी गई है। उपरोक्त सभी मापदंड युवाओं के मार्गदर्शन के लिए हैं। भारतीय थल सेना द्वारा जारी नोटिफिकेशन (विज्ञापन) ही अंतिम रूप से मान्य होगा। इस सम्बंध में अधिक जानकारी के लिए जिला सैनिक कल्याण बोर्ड व जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केंद्र से सम्पर्क किया जा सकता है।