पामगढ़ में आपसी विवाद के बाद पूर्व फौजी ने चलाई गोली, युवक गंभीर रूप से घायल, आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत विकास नगर में सोमवार सुबह आपसी विवाद के दौरान गोली चलने से हड़कंप मच गया। एक किराना दुकान के पास हुए विवाद में सेना से सेवानिवृत्त हवलदार ने पिस्टल से गोली चला दी, जिससे एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना सुबह करीब 10 बजे की है। विकास नगर निवासी शैलेंद्र साहू अपने साथियों के साथ हिमांशु किराना स्टोर के पास पहुंचा था, जहां उसका हिमांशु श्रीवास के साथ विवाद शुरू हो गया। विवाद गाली-गलौज तक पहुंच गया, जिसे देख हिमांशु का भाई और रिटायर्ड आर्मी हवलदार गुलशन श्रीवास घर के अंदर से अपनी पिस्टल निकाल लाया।

विवाद बढ़ने पर गुलशन श्रीवास ने गोली चला दी, जो शैलेंद्र के दोस्त पंकज कश्यप के जांघ और पैर में लगी। गोली लगने के बाद पंकज लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा, जबकि उसके अन्य साथी मौके से भाग निकले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पामगढ़ ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद युवक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है, जहां फिलहाल उसकी हालत सामान्य बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी रिटायर्ड हवलदार गुलशन श्रीवास को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। सुबह-समय रिहायशी इलाके में गोली चलने की इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।

Related News

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *