अवैध अफीम खेती से जुड़े आरोपियों पर प्रशासन सख्त, बुलडोजर चलाकर हटाया गया अवैध अतिक्रमण

राजस्व, पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई, कानून व्यवस्था के बीच अवैध निर्माण ध्वस्त

रमेश गुप्ता दुर्ग । जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के तहत दुर्ग पुलिस और प्रशासन ने अवैध अफीम खेती प्रकरण से जुड़े व्यक्तियों पर सख्त कदम उठाते हुए राजस्व भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को बुलडोजर चलाकर हटा दिया। यह कार्रवाई पुलगांव थाना क्षेत्र के ग्राम समोदा में की गई।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार अवैध अफीम की खेती के मामले में मुख्य आरोपी विनायक ताम्रकार, निवासी तेमरापारा, जिला दुर्ग से जुड़े कुछ रिश्तेदारों द्वारा राजस्व भूमि पर अवैध रूप से निर्माण कर अतिक्रमण किए जाने की जानकारी सामने आई थी। मामले की जांच के बाद राजस्व विभाग ने भूमि अभिलेखों का परीक्षण किया, जिसमें उक्त स्थान पर अतिक्रमण की पुष्टि हुई।


इसके बाद राजस्व विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित विभागों की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और विधिवत कार्रवाई करते हुए बुलडोजर की मदद से अवैध निर्माण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पर्याप्त पुलिस बल भी तैनात किया गया था।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रकरण से जुड़े अन्य व्यक्तियों की जानकारी की भी जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *